‘पानी मांगने के बहाने घर में घुसने की जिद करता रहा डिलीवरी बॉय’, युवती ने सोशल मीडिया पर सुनाई आपबीती…

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला ने जेप्टो के डिलीवरी पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि डिलीवरी पार्टनर ने ऑर्डर देने के बाद बार-बार उसके घर में घुसने की कोशिश की।

महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है। वीडियो में महिला ने पूरी कहानी सुनाते हुए इसे एक डरावना अनुभव बताया।

क्या है पूरा मामला

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में महिला ने बताया कि डिलीवरी पार्टनर ऑर्डर देकर गया था। फिर उसने पीने के लिए पानी मांगा। महिला ने उसे पानी की बोतल दे दी और कहा कि इसे साथ सकता है। महिला के मुताबिक बोतल खत्म होने के बाद उसने फिर से पानी और 5 मिनट के लिए घर के अंदर आने की इजाजत मांगी।

महिला ने कई बार उसे मना किया और कहा कि बाहर बैठने की जगह है। लेकिन मना करने के बावजूद डिलीवरी पार्टनर अंदर आने की जिद करता रहा। जब महिला ने गेट बंद करने की कोशिश की, तो उसने बार-बार डोरबेल बजाई और गेट पीटने लगा। डरकर महिला ने दरवाजा बंद कर लिया।

महिला ने कंपनी से की शिकायत

महिला ने वीडियो में जेप्टो से इस मामले की जांच करने की मांग की। उसने कहा कि जब उसने ऐप के जरिए शिकायत की तो उसे सिर्फ ऑटोमेटेड जवाब मिला। जिसमें लिखा कि जांच चल रही है। सोशल मीडिया पर महिला के वीडियो डालने के बाद लोग क्विक-कॉमर्स कंपनियों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि जेप्टो और ब्लिंकइट जैसी कंपनियों को क्रिमिनल बैकग्राउंड चेक और वेरिफिकेशन सख्त करना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने सलाह दी कि डिलीवरी वाले को कभी घर के अंदर न आने दें।

बस ऑर्डर बाहर लें और दरवाजा बंद कर लें। फिलहाल कंपनी ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *