दिल्ली-राजकोट एअर इंडिया फ्लाइट बर्ड हिट का शिकार, सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से टला बड़ा हादसा…

आज राजकोट के हीरासर (राजकोट इंटरनेशनल) एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। राजकोट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट टेक-ऑफ के दौरान पक्षी से टकरा गई। पक्षी के टकराते ही पायलट ने अपनी सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए एयरपोर्ट पर ही सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।

इस फ्लाइट में 124 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही एयर इंडिया की यह फ्लाइट राजकोट एयरपोर्ट के रनवे से उड़ान भर रही थी, तभी एक पक्षी फ्लाइट के इंजन से टकरा गया।

प्रोपेलर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त

बताया जा रहा है कि पक्षी के टकराने से एयर इंडिया की फ्लाइट के इंजन का प्रोपेलर (ब्लेड) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका के बीच, पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और फ्लाइट को वापस रनवे पर लाकर दोबारा लैंड कराया।

मरम्मत के बाद DGCA की टीम करेगी सघन जांच

इस गंभीर घटना के बाद एविएशन रेगुलेटर (उड्डयन नियामक) सक्रिय हो गया है। प्रभावित एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन की तकनीकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। फ्लाइट की पूरी मरम्मत होने के बाद, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की एक विशेष टीम विमान की गहन जांच और स्क्रीनिंग करेगी।

यात्रियों के साथ दोबारा उड़ान भरने की अनुमति

DGCA के नियमों के अनुसार, ऐसी घटना के बाद विमान का ‘इंस्पेक्शन ट्रायल’ (टेस्ट रन) किया जाएगा। सभी सुरक्षा मानक सही पाए जाने और हरी झंडी मिलने के बाद ही यात्रियों के साथ दोबारा उड़ान भरने की आधिकारिक अनुमति दी जाएगी। फिलहाल, एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *