दिल्ली बार काउंसिल चुनाव: सुप्रीम कोर्ट ने मतगणना पर रोक हटाने से किया इनकार, उम्मीदवारों को बड़ा झटका…

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बार काउंसिल आफ दिल्ली (बीसीडी) चुनाव की वोटों की गिनती पर रोक लगाने वाले अपने पहले के आदेश को संशोधित करने से इनकार कर दिया और दिल्ली हाई कोर्ट से 25 मई को याचिकाओं पर सुनवाई करने को कहा।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जायमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने आग्रह किया कि वोटों की गिनती पर रोक लगाने के शीर्ष अदालत के 18 मई के आदेश को संशोधित किया जाए।

सिंह ने कहा, ”मतगणना चल रही है। इसे पूरा होने दीजिए। हाई कोर्ट के आदेशों के अधीन इसे जारी नहीं किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि वोट बिखरे हुए हैं और यह वोटों से छेड़छाड़ का मुद्दा उठाता है।

सीजेआई ने छेड़छाड़ किए गए मतपत्रों की गिनती के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा, ”हम अपने आदेश में संशोधन नहीं करेंगे। बीसीडी चुनावों के संबंध में गंभीर मुद्दे हैं।”

पीठ ने आदेश दिया, ”हम दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मामले को तुरंत सोमवार को एक डिवीजन बेंच के समक्ष सूचीबद्ध करने का अनुरोध करते हैं। पक्षकार सभी दलीलें पेश करने के लिए स्वतंत्र होंगे।”

‘कानूनी वारिसों को बाहर करना वसीयत को अमान्य ठहराने के लिए पर्याप्त नहीं’
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कानूनी वारिसों और वसीयत के एक मामले में अहम टिप्पणी की। शीर्ष अदालत ने कहा कि वसीयत का मूल उद्देश्य ही उत्तराधिकार के सामान्य क्रम को बदलना होता है।

केवल स्वाभाविक वारिसों को विरासत से बाहर करना अपने आप में वसीयत को अमान्य करने के लिए संदिग्ध परिस्थिति नहीं मानी जा सकती।

जस्टिस उज्जल भुइयां और जस्टिस विजय बिश्नोई की पीठ ने दिवंगत बी शीना नैरी की पत्नी और बच्चों की ओर से दायर एक अपील को खारिज कर दिया।

इसमें नैरी की पत्नी और बच्चों ने उस वसीयत की वैधता को चुनौती दी थी, जिसमें नैरी ने कर्नाटक स्थित अपनी संपत्तियां अपनी बहन लक्ष्मी को दे दी थीं।

सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट, अपीलीय अदालत और कर्नाटक हाई कोर्ट के एक जैसे फैसलों को बरकरार रखा, जिन्होंने वसीयत को सही माना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *