संगम नगरी में होने जा रहे ‘नार्थ टेक सिम्पोजियम-2026’ रक्षा त्रिवेणी संगम की प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का प्रयागराज आगमन संभावित है। उनका दो दिवसीय दौरा 3 मई को होने की उम्मीद है। वह सेना के विमान से सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी के साथ प्रयागराज आएंगे।
तीनों सेनाओं के अधिकारी भी शामिल होंगे
बताया गया कि रक्षा त्रिवेणी संगम की प्रदर्शनी का शुभारंभ तो चार मई को होगा, लेकिन रक्षा मंत्री तीन मई को अरैल में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। जहां सेना के शौर्य का प्रदर्शन होगा। सेना के बैंड और तीनों सेनाओं के अधिकारियों की मौजूदगी में देशभक्ति से लबरेज इस कार्यक्रम में आम जनता व मीडिया को फिलहाल प्रवेश नहीं दिया गया है।
प्रयागराज में रात्रि विश्राम करेंगे
तीन मई को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह प्रयागराज में रात्रि प्रवास करेंगे। वहीं चार मई को न्यू कैंट में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद निरीक्षण, डेमो और उनका अभिभाषण होगा। इसके बाद वह दिल्ली रवाना होंगे। इस कार्यक्रम का हिस्सा इंजीनियरिंग काॅलेज के बच्चों के साथ एनसीसी कैडेट ही बन सकेंगे।
सेना की शक्ति का प्रदर्शन होगा
संगम नगरी में होने जा रहा ‘नार्थ टेक सिम्पोजियम-2026’ रक्षा त्रिवेणी संगम की प्रदर्शनी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने सेना की शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। बिना इंसान के ड्रोन उड़ेंगे और घुसपैठिया को पकड़कर एआइ अपनी कुशलता का प्रदर्शन करेगा।
उड़ेंगे ड्रोन, घातक मशीनगन और तोप आएगी नजर
न्यू कैंट स्थित कोबरा आडिटोरियम के निकट सेना की उत्तरी कमान और मध्य कमान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित (चार से छह मई तक) प्रदर्शनी के लिए हल्की लेकिन मारक क्षमता में कई गुना ज्यादा घातक मशीनगन और तोप लाई गई हैं। यह हथियार रेगिस्तान की गर्मी से लेकर सियाचिन की बर्फ तक, हर जगह फेल नहीं होंगे। प्रदर्शनी में रिमोट से चलने वाले ड्रोन लाए गए हैं जो फोटो और वीडियो लेकर दुश्मन की लोकेशन बताएंगे। कुछ ‘कामिकेजी’ (सुसाइड) ड्रोन भी दिखाए जाएंगे जो बारूद लेकर खुद दुश्मन के ठिकाने से टकरा जाएंगे।
एआइ तकनीक वाले कैमरे देखेंगे रक्षा मंत्री
बार्डर पर लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) तकनीक वाले कैमरे प्रदर्शनी के लिए लाए गए हैं, यह कोहरे व अंधेरे में किसी इंसान या हलचल को वास्तविक समय में कंट्रोल रूम को बता देंगे कि यह कोई जानवर है या दुश्मन का जासूस। प्रदर्शनी में ऐसी रोबोटिक गाड़ियां और तकनीकें दिखाई जाएंगी जो उबड़-खाबड़ रास्तों पर तेजी से दौड़ सकती हैं। बिना ड्राइवर के चलने वाले ट्रक और घायल सैनिकों को सुरक्षित निकालने वाले स्मार्ट स्ट्रेचर भी इसका हिस्सा होंगे।
अरैल में विशेष सांस्कृ़तिक कार्यक्रम होंगे
रक्षा त्रिवेणी संगम की शुरुआत औपचारिक रूप से तीन मई को हो जाएगी। अरैल में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। यहां सैन्य बैंड की प्रस्तुति भी होगी। रात्रि में रक्षामंत्री का प्रवास होगा और चार मई को न्यू कैंट में प्रदर्शनी का उद्घाटन भी वह करेंगे।
सेना प्रमुख के साथ ये विशिष्टजन रहेंगे मौजूद
इस दौरान सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी मौजूद रहेंगे। जबकि उत्तरी कमान और मध्य कमान के जीओसी स्वागत करेंगे। पांच मई को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह प्रदर्शनी में पहुंचेंगे। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन सत्र के अलावा छह मई को समापन समारोह का हिस्सा बनेंगे। हालांकि अभी तक आधिकारिक प्रोटोकाल जारी नहीं हुआ।
नीलकंठ कल्याणी दिखाएंगे बदलते भारत की तस्वीर
प्रदर्शनी में भारत की सबसे प्रमुख रक्षा विनिर्माण कंपनी भारत फोर्ज का नेतृत्व कर रहे बाबा साहेब नीलकंठ कल्याणी भी हिस्सा लेंगे। वह रक्षा क्षेत्र में बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत करेंगे, उनका व्याख्यान भी होगा। उन्होंने भारत को फोर्जिंग में वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित किया है।
इंजीनियर कालेज व एनसीसी कैडेट को प्रवेश
आम जनता के रूप में प्रदर्शनी में एमएनएनआइटी, ट्रिपलआइटी के छात्र और एनसीसी कैडेट को ही प्रवेश की अनुमति होगी। दोपहर तीन से शाम छह बजे तक वह प्रदर्शनी में शामिल हो सकेंगे।