डीपफेक वीडियो विवाद: केरल में आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग

 केरल भाजपा के एक पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाने वाले एआइ-जनरेटेड डीपफेक वीडियो के कथित प्रसार पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो का उद्देश्य गलत सूचना फैलाना और प्रधानमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाना है।

केरल भाजपा के राज्य इंटरनेट मीडिया संयोजक अभिजीत राधाकृष्णन नायर ने इस मामले में राज्य पुलिस प्रमुख को विस्तृत जांच की मांग करते हुए शिकायत सौंपी है।

शिकायत में कहा गया है कि ‘कैप्पाडी अंसारी’ नामक फेसबुक अकाउंट से एक ऐसा वीडियो साझा किया गया, जिसे कथित रूप से जी-7 शिखर सम्मेलन के वास्तविक फुटेज में छेड़छाड़ करके तैयार किया गया था।

नायर ने आरोप लगाया कि वीडियो में विश्व नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है। इसके साथ ही इसे इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करने से पहले आपत्तिजनक टिप्पणियां भी जोड़ी गई थीं।

उन्होंने इसे राजनीतिक आलोचना की आड़ में किया गया सुनियोजित साइबर हमला बताया। नायर ने अधिकारियों से मांग की है कि संबंधित सामग्री को इंटरनेट मीडिया से हटाया जाए और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *