गंभीर बताया गया गर्भवती को ‘रेफर’ किया गया, एंबुलेंस में ही हुई नॉर्मल डिलीवरी; गाजियाबाद में अस्पताल पर लापरवाही के आरोप…

जिला महिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर एक बार फिर लापरवाही का आरोप लगा है। मुगलसराय के रहने वाले जितेन्द्र की ससुराल विजयनगर क्षेत्र के बहरामपुर में हैं।

जितेंद्र की पत्नी पूजा जायसवाल मां के पास बहरामपुर आयी हुई है। पूजा को प्रसव पीड़ा के बाद रविवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सोमवार रात को महिला को गंभीर बताकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। कराहती गर्भवती को लेकर जैसे ही एंबुलेंस का पायलट हिंडन पुल के पास पहुंचा तो प्रसव पीडा तेज होने लगी। पूजा की मां किरन जायसवाल ने तुरंत एंबुलेंस को रोकने को कहा।

सड़क किनारे हुई नॉर्मल डिलीवरी 

ईएमटी मोहम्मद सालिम और पायलट अंकित ने एंबुलेंस को सड़क के किनारे रोक दिया। कुछ ही देर में नार्मल डिलीवरी हो गई। इसके बाद एंबुलेंस चालक ने जच्चा-बच्चा को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करा दिया। खबर लिखे जाने तक जच्चा-बच्चा जीटीबी में भर्ती हैं और दोनों स्वस्थ हैं।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप 

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के अनुसार पूजा की मां किरन जायसवाल का आरोप है कि चिकित्सक ने यह कहकर डराया कि बच्चे की धड़कन कमजोर हैं और दोनों को खतरा है जिसके कारण आपरेशन से बच्चा होगा।

यह भी कहा गया कि रात में अस्पताल में आपरेशन नहीं होता है। उनका यह भी आरोप है कि जब खतरा था तो फिर रेफर करने के दस मिनट बाद ही रास्ते में एंबुलेंस में नार्मल डिलीवरी कैसे हो गई। उनका कहना है कि अस्पताल से छुट्टी होने के बाद इसकी लिखित शिकायत करूंगी।

इससे पहले भी एक दिव्यांग गर्भवती महिला को गंभीर हालत बताकर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। उसकी भी एंबुलेंस में नार्मल डिलीवरी हुई थी। उधर इस संबंध में कार्यवाहक सीएमओ डा. अमित विक्रम का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। फिर भी प्रकरण की जांच कराई जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *