गोरखपुर के जंगल कौड़िया में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव बरामद, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका…

रेलवे ट्रैक पर बुधवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। आशंका है कि युवक की मौत ट्रेन से कटने से हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह हादसा पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया रेलवे स्टेशन के पास का है।

पुलिस ने शव की पहचान जंगल कौड़िया के टोला विशुनपुर निवासी चंद्रभान के 22 वर्षीय पुत्र अजय के रूप में की। स्वजन के अनुसार, अजय की शादी नहीं हुई थी। पलिया स्थित एक बाइक रिपेयरिंग गैराज में मैकेनिक के रूप में काम करता था।

पिता चंद्रभान ने बताया कि अजय मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा, उसकी खोजबीन की गई, रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह करीब सात बजे रेलवे ट्रैक से शव बरामद होने की सूचना मिली।

अजय दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसका बड़ा भाई बाहर रहकर मजदूरी करता है। पुलिस समेत ग्रामीणों को आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से अजय के दोनों पैर कट गए और अत्यधिक रक्तस्राव से उसकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है। मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *