अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ अपराध की घटनाएं दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही हैं। शुक्रवार को पिट्सबर्ग में मोटेल चलाने वाले एक भारतीय मूल के शख्स को गोली मार दी गई थी।
पुलिस ने मृतक की पहचान 51 साल के राकेश एहागबन के तौर पर की थी। पिट्सबर्ग पेन्सिलवानिया प्रांत का शहर है।
पुलिस के मुताबिक मोटेल के बाहर कोई झगड़ा हुआ था। शोर सुनकर मोटेल के मैनेजर राकेश बाहर निकले।
इतने में ही आरोपी स्टेनली इयूगन वेस्ट (37 साल) उनके पास पहुंचा और पूछा, ‘तुम ठीक हो ना?’ इसके बाद आरोपी ने राकेश को गोली मार दी। यह सारी घटना मोटेल के सर्विलांस कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बता दें कि कुछ सप्ताह पहले ही अमेरिका के दल्लास में एक मोटेल के बाहर ही एक भारतीय चंद्रमौलि नागामलैया की नृशंस हत्या कर दी गई थी।
आरोपी ने उनका सिर धड़ से अलग कर दिया था और इसके बाद सिर पर पैर मारता हुआ बाहर ले गया। उसने सिर को उठाकर कूड़ेदान में फेंक दिया था। नागामलैया की उनकी पत्नी और बच्चे के सामने ही हत्या कर दी गई थी।
वहीं मोटेल में शुक्रवार को हुई हत्या को लेकर पुलिस ने कहा है कि अरोपी अपनी पत्नी बच्चे के साथ मोटेल में लगभग दो हफ्ते से रुका हुआ था।
पहले मोटेल की पार्किंग में एक बंदूकधारी शख्स ने महिला को गोली मारी और इसके बाद सारा विवाद शुरू हुआ। अधिकारियों के मुताबिक महिला एक बच्चे के साथ बैठी थी तभी आरोपी ने गोली चला दी।
घायल महिला किसी तरह कार से बाहर निकल गई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पिछली सीट पर बैठे बच्चे को चोट नहीं लगी थी।
वहीं आरोपी ने मोटेल के मालिक को गोली मारने के बाद अपनी कार स्टार्ट की और वहां से चला गया। पुलिस ने बाद में उसे ढूंढ निकाला। आरोपी को भी पुलिस की गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।