सीयूईटी पीजी का परिणाम जारी: 198 विश्वविद्यालयों में जल्द शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया…

केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित देश के करीब 198 विश्वविद्यालयों के परास्नातक कोर्सों में दाखिले से जुड़ी परीक्षा सीयूईटी-पीजी ( कामन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट- पोस्ट ग्रेजुएट) का परिणाम घोषित हो गया है।

इन सभी विश्वविद्यालयों में अब जल्द ही मेरिट के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। इस परीक्षाओं के लिए वैसे तो कुल 4.11 लाख आवेदकों ने आवेदन किए थे, जिसमें से 3.45 आवेदक परीक्षा में शामिल हुए थे।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के मुताबिक करीब तीन लाख आवेदकों ने एक से अधिक विषयों के लिए आवेदन किया था। ऐसे में विषयवार आवेदनों की संख्या 7.14 लाख थी, जबकि इनमें से 5.04 लाख विषयवार आवेदक ही परीक्षा में शामिल हुए थे।

एनटीए के मुताबिक परीक्षा में शामिल हुए विषयवार आवेदकों में से जनरल मैनेजमेंट में सर्वाधिक 66 हजार आवेदन आए थे, इसमें से 47 हजार परीक्षा में शामिल भी हुए। वहीं जनरल विषय के लिए 59 हजार आवेदन आए थे, इनमें से 40 हजार परीक्षा में शामिल भी हुए।

अन्य जिन विषयों में सबसे अधिक आवेदन आए थे,उनमें कंप्यूटर साइंस, अंग्रेजी, इतिहास, लाइफ साइंस, प्राणी विज्ञान जैसे विषय शामिल थे।

गौरतलब है कि इस बार सीयूईटी पीजी के लिए शामिल हुए 198 विश्वविद्यालयों में 45 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 40 राज्य विश्वविद्यालय, 24 सरकारी संस्थान और 89 निजी व डीम्ड विश्वविद्यालय शामिल है। इस परीक्षा का आयोजन छह से 30 मार्च के बीच देश में कंप्यूटर के जरिए कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *