अन्नाद्रमुक में संकट गहराता जा रहा है। पार्टी महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी और बागी गुट दोनों अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं।
पलानीस्वामी ने बागी गुट की आम परिषद की बैठक बुलाने की मांग खारिज कर दी है, जबकि उनके नेतृत्व को चुनौती देने वाला यह गुट भी झुकने को तैयार नहीं है।
इस गुट ने तमिलनाडु में टीवीके सरकार को समर्थन दिया है और पार्टी की आम परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है।
अन्नाद्रमुक में संकट
पलानीस्वामी ने मंगलवार को पार्टी के पदाधिकारियों और जिला सचिवों के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक ऐसे समय में की गई, जब पार्टी में फूट पड़ गई है।
उन्होंने बागी गुट की आम परिषद की बैठक बुलाने की मांग को स्वीकार नहीं किया है। जबकि बागी गुट ने भी पलानीस्वामी की उस अपील पर सकारात्मक जवाब नहीं दिया, जिसमें उन्होंने साथ मिलकर काम करने की बात कही है।
पूर्व मंत्री बीवी रामना ने पत्रकारों से कहा कि पलानीस्वामी की अध्यक्षता में यह बैठक करीब दो घंटे चली, जिसमें करीब 80 जिला सचिवों ने हिस्सा लिया।
सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पलानीस्वामी के साथ मजबूती से खड़े हैं और पार्टी आने वाले दिनों में विजेता के रूप में उभरने के लिए एक रणनीति तैयार करेगी।
जबकि एक अन्य वरिष्ठ नेता वीवी राजन चेलेप्पा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘हम अपने महासचिव के हाथों को मजबूत करने के लिए पूर्ण समर्थन और सहयोग देने के लिए दृढ़ रहेंगे।’