कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में फिलिप को कांग्रेस की नवनिर्वाचित विधायक बिंदु कृष्णा का स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान उनके व्यवहार को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई है।
वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिलिप की आलोचना शुरू हो गई। कई यूजर्स और राजनीतिक नेताओं ने आरोप लगाया कि बिंदु कृष्णा की असहजता के बावजूद चेरियन फिलिप ने उन्हें गले लगाने की कोशिश की। आलोचकों ने इसे महिलाओं की गरिमा और व्यक्तिगत सीमाओं का उल्लंघन बताया।
एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि यह व्यक्ति क्या कर रहा है? महिला कांग्रेस नेता और कोल्लम से निर्वाचित विधायक बिंदु कृष्णा हैं। वीडियो में दूसरे कांग्रेस नेता भी मौजूद हैं।
सोशल मीडिया यूजर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की महिला विरोधी संस्कृति फिर सामने आई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप ने कोल्लम MLA बिंदु कृष्णा को जबरन गले लगाने की कोशिश की। क्या प्रियंका गांधी इस पर कार्रवाई करेंगी?
दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता अजय सहरावत ने भी कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत पर तंज कसते हुए कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप ने कोल्लम विधायक बिंदु कृष्णा को जबरन गले लगाने की कोशिश की। क्या इस शर्मनाक व्यवहार पर कुछ कहेंगी?
हालांकि, इस पूरे विवाद पर अब तक न तो चेरियन फिलिप और न ही बिंदु कृष्णा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। बिंदु कृष्णा ने कोल्लम सीट से 16,830 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। नई केरल विधानसभा में कुल 11 महिला विधायक चुनी गई हैं, जो पिछली विधानसभा से एक कम हैं। कांग्रेस के खाते में सबसे ज्यादा महिला विधायक आई हैं।