राजस्थान: मारपीट मामले में गुरुद्वारा सचिव की गिरफ्तारी पर विवाद, पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प…

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में गुरुद्वारा धन-बाबा दीप सिंह सभा के सचिव और सिख धर्म प्रचार कमेटी के प्रमुख तेजिंदर पाल सिंह टिम्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे टिम्मा के समर्थक भड़क गए और गुरुद्वारा परिसर में तोड़फोड़ कर दी।

कोतवाली पुलिस थाना अधिकारी तेजवंत सिंह बराड़ ने बताया कि टिम्मी को इमीग्रेशन संचालक के साथ मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस पहुंची तो टिम्मा गुरुद्वारा के गेस्ट रूम में बेड के नीचे छिपा हुआ था, कमरे में मौजूद महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हालांकि, गुरुद्वारा में मौजूद बीबी हरमीत कौर ने आरोप लगाए हैं कि सादुलशहर के विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के कहने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस गुरुद्वारा साहिब में घुसी और तोड़फोड़ की।

वहीं तेजवंत सिंह बराड़ ने बताया कि मैं भी सिक्ख हूं। सिख धर्म की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मी जूते उतारकर और सिर पर रूमाल रखकर गुरुद्वारे के अंदर गए थे। टिम्मा के समर्थकों ने ही गुरुद्वारे के अंदर तोड़फोड़ की।

उधर अमृतसर स्थित शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने आरोप लगाया कि राजस्थान पुलिस ने गुरू के लंगर की बेअदबी करते हुए पोस्टर फाड़े हैं। उन्होंने टिम्मा की गिरफ्तारी की भी निंदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *