प्रणीत मोरे के कार्यक्रम में दिए बयान से बढ़ा विवाद, MBBS छात्रा के मामले की जांच करेगा केईएम अस्पताल…

कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल की एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा सेजल पवार द्वारा दिए गए एक बयान ने इंटरनेट मीडिया पर हलचल मचा दी है।

मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल प्रशासन को तत्काल जांच के आदेश देने पड़े और पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है।

यह विवाद प्रणीत मोरे के एक लाइव शो से शुरू हुआ। शो में दर्शकों के बीच बैठीं सेजल पवार से प्रणीत ने मेडिकल कालेज की पढ़ाई और एनोटामी से जुड़ी बातों पर चर्चा की।

इसी दौरान सेजल पवार ने ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि उन्होंने मेडिकल शिक्षा के दौरान उपयोग किए जाने वाले दान किए गए शवों के अंगों को लेकर मजाक किया।

प्रसारित वीडियो में सेजल पवार को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे और उनके कुछ साथी मेडिकल रिसर्च और डिसेक्शन के लिए दान किए गए पुरुषों के शवों के प्राइवेट पार्ट्स को देखते और उनका मजाक उड़ाते थे।

वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला तेजी से फैल गया और केईएम अस्पताल प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। अस्पताल के डीन हरीश पाठक ने कहा कि सेजल पवार के स्टैंड अप शो के दौरान दिए गए बयान के विवाद पर उचित कार्रवाई की जा रही है।

हमने दो सदस्य वाली स्पेशल कमेटी बनाई है, जिसमें अंडरग्रेजुएट हॉस्टल की वार्डन और बायोकेमिस्ट्री विभाग की प्रमुख डॉ. अनीता चालक और मेडिसिन विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर और इंटरनेट मीडिया मैनेजमेंट से जुड़ी डॉ. श्रद्धा मोरे को शामिल किया गया है। यह कमेटी वीडियो की समीक्षा करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि मेडिकल प्रोफेशन में शवों को लेकर हमेशा सम्मान का भाव होता है और छात्रों को इसकी शपथ भी दिलाई जाती है। ऐसे में इस तरह की टिप्पणी चिकित्सा पेशे की गरिमा को ठेस पहुंचाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *