मिडिल ईस्ट में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है।
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बढ़ते हमलों और उसके बाद क्षेत्र में बढ़े तनाव को देखते हुए भारत ने नई दिल्ली में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया है, ताकि खाड़ी देशों में मौजूद भारतीय नागरिकों को तत्काल सहायता दी जा सके।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को बताया कि यह कंट्रोल रूम सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक काम करेगा। भारतीय नागरिक किसी भी आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1800118797 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लैंडलाइन नंबर 91-11-23012113, 91-11-23014104 और 91-11-23017905 भी उपलब्ध कराए गए हैं।
वतन लौटे लोग
मिडिल ईस्ट के देशों से भारतीयों का लौटना जारी है। मंगलवार देर रात जेद्दा, दुबई से कई भारतीय दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुए। भारत आने पर लोगों ने कहा कि अपने देश वापस आकर अच्छा लग रहा है।
समुद्र में फंसे भारतीय जहाज
ईरान ने जंग के कारण दुनिया का सबसे अहम होर्मुज रूट (समुद्र का रास्ता) बंद कर दिया है। इसके चलते भारतीय झंडे वाले 37 जहाज और उनमें सवार 1,109 भारतीय नाविक वर्तमान में फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में फंसे हुए हैं।
कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद
युद्ध के चलते पश्चिम एशिया के 8 देशों ने एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिए हैं। 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक भारतीय एयरलाइंस ने 1,117 इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद की हैं। इससे हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।
मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
दरअसल, हाल ही में अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े हमले किए, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई। इसके बाद तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी क्षेत्र के कई देशों को निशाना बनाया।
ईरान की ओर से किए गए जवाबी हमलों के दौरान कुवैत, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के ऊपर मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें हुईं, जिन्हें कई जगहों पर इंटरसेप्ट कर लिया गया। इन घटनाओं के चलते कुछ समय के लिए कई देशों का एयरस्पेस भी बंद करना पड़ा। इन हमलों में सेना के साथ-साथ आम नागरिकों को भी नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं।
दशकों में सबसे गंभीर टकराव
इस बढ़ते टकराव के बीच अमेरिकी सेना ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। अमेरिकी नेवी ने कई सैन्य ऑपरेशन शुरू किए हैं, जिससे वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव और गहरा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पिछले कई दशकों में दोनों देशों के बीच सबसे गंभीर और लगातार चलने वाला टकराव बनता जा रहा है।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर सरकार की नजर
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में 28 फरवरी को ईरान में हुए एयर स्ट्राइक और उसके बाद मिडिल ईस्ट में तेजी से बढ़े तनाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
सरकारी बयान के अनुसार, बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि खाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।