उपभोक्ता अब खर्च को लेकर बरत रहे हैं सतर्कता, त्योहारों के बाद बाजार की मांग पड़ी धीमी…

भारतीय उपभोक्ता बदलती आर्थिक परिस्थितियों के बीच अब खर्च को लेकर अधिक सतर्क और व्यावहारिक रुख अपना रहे हैं।

वे अपनी आकांक्षाओं और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन बनाकर चल रहे हैं।

डेलाइट इंडिया की ‘कंज्यूमर सिग्नल्स इंडिया चैप्टर’ रिपोर्ट के अनुसार, उपभोक्ताओं के खर्च का रुझान अब मुख्य रूप से जरूरी श्रेणियों तक सीमित हो रहा है, जबकि गैर-आवश्यक क्षेत्रों में खर्च केवल चुनिंदा क्षेत्रों में बढ़ रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया कि यात्रा क्षेत्र में त्योहारों के बाद कुल मांग में कुछ नरमी आई है, लेकिन उपभोक्ताओं का झुकाव प्रीमियम सेवाओं की ओर बढ़ रहा है। ग्राहक अब बेहतर मूल्य, सुविधा और भरोसेमंद सेवाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं।

डेलाइट दक्षिण एशिया के पार्टनर और उपभोक्ता उद्योग प्रमुख आनंद रामनाथन ने कहा कि भारतीय उपभोक्ता अब ‘संतुलित उपभोग’ के दौर में प्रवेश कर रहे हैं।

वे अधिक परिपक्व और जुझारूपन के साथ सोच-समझकर खर्च कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार अब आवश्यक वस्तुओं को प्राथमिकता दे रहे हैं, बेहतर अनुभवों पर सीमित लेकिन गुणवत्ता वाला खर्च कर रहे हैं और बड़े वित्तीय फैसलों को फिलहाल टाल रहे हैं। भोजन पर संयमित खर्च और स्थिर बचत का रुझान भी इस बदलाव को दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, उद्देश्यपूर्ण उपभोग का यह रुझान भारतीय उपभोक्ता आधार की मजबूती को दर्शाता है, जो आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालते हुए भी गुणवत्ता और बेहतर अनुभव की तलाश जारी रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *