कांग्रेस ने पूछा: भाजपा बताए, राज्य में शराबबंदी कब होगी?

नंदिनी मानिकपुरी (संपदक-छत्तीसगढ़):

कांग्रेस ने पूछा: भाजपा बताए, राज्य में शराबबंदी कब होगी?

प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य में शराबबंदी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के लिए चुनावों और सार्वजनिक मंचों पर कसमें खाने वाली भाजपा ने सत्ता में आने के बाद राज्य में शराब की दुकानों की संख्या दोगुनी कर दी है।

सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने न केवल शराबबंदी के वादों को पूरी तरह भुला दिया है, बल्कि शराब के विक्रय को बढ़ावा देने में जुट गई है। उनका कहना है कि भाजपा के नेता विपक्ष में रहते हुए शराबबंदी का बड़ा दावा करते थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनके बयान मौन हो गए हैं।

प्रदेश में पहले लगभग 700 देशी और विदेशी शराब दुकानें थीं। भाजपा सरकार ने अब प्रत्येक देशी शराब दुकान में विदेशी शराब और विदेशी शराब दुकान में देशी शराब बिक्री शुरू कर दी है, जिससे कुल संख्या लगभग 1,400 तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त, 1 अप्रैल 2025 से 67 नई शराब दुकानें खोली गई हैं। कांग्रेस के अनुसार, इस कदम से सरकार शराब की खपत बढ़ाने और कमीशन के लालच में शराब कारोबार को बढ़ावा दे रही है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में नकली और अवैध शराब की बिक्री के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजनांदगांव, मुंगेली और डोंगरगढ़ सहित कई स्थानों से यह खबरें मिली हैं कि सरकारी शराब दुकानों से अतिरिक्त राशि लेकर शराब का अवैध वितरण किया जा रहा है। हाल ही में डोंगरगढ़ में एक बॉटलिंग प्लांट में पानी मिलाकर शराब तैयार करते हुए लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अवैध शराब दूसरे राज्यों से बस्तर, सरगुजा और मैदानी क्षेत्रों में पहुँच रही है।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार से सवाल उठाया है कि जब सत्ता में आते ही शराबबंदी के वादे भुलाए जा सकते हैं, तो जनता के हित में यह प्रतिबंध कब लागू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *