विकास कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए संजीदा कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को छुट्टी के दिन मैराथन निरीक्षण किया। साढ़े पांच घंटे में तकरीबन 150 किलोमीटर की दूरी तय कर विकास कार्य देखे। कमिश्नर अचानक मौके पर पहुंचे तो श्रमिकों की कम संख्या देख उनका पारा हाई हो गया।
उन्होंने अभियंताओं को तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यदाई संस्था छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन को नोटिस देने के निर्देश दिए। कमिश्नर का रुख देखकर ठेकेदारों ने तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ानी शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह नौ बजे कमिश्नर सबसे पहले चारफाटक से असुरन चार लेन मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्था मेसर्स प्रभा कंस्ट्रक्शन को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा। साथ ही नाले पर स्लैब डालने, पोल हटाने जैसे कार्य को भी तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्हाेंने विद्युत माध्यमिक कार्यखंड के अधिशासी अभियंता सुजीत गुप्ता को जमकर फटकार लगाई। यहां से वह असुरन से पिपराइच फोरलेन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने खाली स्थान पर भी काम न होने पर सवाल किए। कहा कि जहां जगह खाली मिल रही है, वहां तेजी से काम पूरा कराएं। साथ ही छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन को नोटिस देने के निर्देश दिए।
यहां से कमिश्नर आयुष विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां निमार्णाधीन प्रेक्षागृह का निरीक्षण करते कार्य को 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानीराम बालापार टिकरिया गांगी बाजार मार्ग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने को कहा। बालापार में निर्माणाधीन सिक्टौर थाने का निरीक्षण करते हुए कार्यदाई संस्था को 30 सितंबर तक काम पूरा कराने को कहा।
यहां से वह स्पोर्ट्स कालेज चौराहा, करीमनगर चौराहा होते हुए झुंगिया चुंगी से फर्टिलाइजर मार्ग का निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था द्वारा धीमी गति से कार्य किए जाने पर उसे नोटिस देने को कहा। श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर 30 अक्टूबर तक काम पूरा कराने को कहा। उन्होंने एचएन सिंह चाराहा से गोरखनाथ मंदिर तक सडक चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण और रेल उपरगामी पुल का निरीक्षण किया। यहां ट्रांसफार्मर को सही जगह पर शिफ्ट करने को कहा।
पादरी बाजार फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे कमिश्नर ने फातिमा की तरफ काम जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे के सर्विस रोड को भी जल्द पूरा कराने को कहा। हड़हवा फाटक रेल ओव ब्रिज के कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि जिन भवन स्वामियों ने मुआवजा ले लिया है लेकिन निर्माण नहीं तोड़ रहे हैं, उनका निर्माण तोड़ा जाए। कमिश्नर का निरीक्षण दोपहर 2:30 बजे खत्म हुआ।
इस दौरान एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन के अधिशासी अभियंता यूपी सिंह, सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह आदि मौजूद रहे।
लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं होगी
कमिश्नर ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं के कार्यदाई अधिकारी नियमित भौतिक निरीक्षण करें और ठेकेदार के साथ संवाद कायम कर बाधाओं का त्वरित निस्तारण कराएं। इसके लिए विभागों से समन्वय स्थापित कऐं। किसी भी स्तर पर कोई कठिनाई है तो जिलाधिकारी को सीधे अवगत कराएं।