समग्र आईडी डिलीट और दस्तावेजों में मृत घोषित होने के बाद से परेशान चिराखदान सुदामानगर निवासी दृष्टीबाधित वृद्धा शशिकला पत्नी पूनमचंद एक बार फिर जनसुनवाई में कलेक्टर से गुहार लगाने पहुंची।
बुजुर्ग महिला ने कहा कि वह स्वयं को जीवित साबित करने के लिए दर-दर भटक रही है। उसे कागजों में मृत बता दिया गया है, जिस वजह से उसे शासकीय योजनाओं का लाभ मिल पा रहा है और ना ही उसकी कोई सुनवाई हो रही है। वृद्धा अपने गले में तख्ती टांगकर पहुंची कि कलेक्टर साहब प्लीज मुझे जिंदा कर दीजिए।
पूर्व पार्षद पर ठगी का आरोप
नगर निगम के पूर्व पार्षद रियाज मार्शल पर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लोगों ने लगाया है। पीड़ितों द्वारा इस संबंध में जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन देकर कार्रवाई की मांग गई है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और पीड़ितों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये लिए
मोघट थाना क्षेत्र के पास रहने वाले लियाकत हुसैन ने आवेदन के माध्यम से बताया कि पूर्व पार्षद ने भाई की नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे चार लाख रुपये लिए। वहीं यह भी बताया कि मेरे द्वारा मकान के निर्माण के दौरान मार्शल ने कहा कि मैं सस्ते भाव में बिल्डिांग मटेरियल दिला दूंगा। यह कहकर तीन लाख रुपये ले लिए। अब रुपये नहीं लौटाए जा रहे हैं।
इसी तरह शेख इब्राहिम ने भी शिकायत करते हुए कहा है कि मेरे पोते की नौकरी निगम में लगाने के नाम पर ढाई लाख रुपये पूर्व पार्षद ने ले लिए।