गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास, मत्स्य पालन एवं रेशम विभाग की योजनाओं की कलेक्टर ने की विस्तृत समीक्षा…

जैविक खेती, मृदा परीक्षण, फसल बीमा, केसीसी, नस्ल सुधार एवं पशु टीकाकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास, मत्स्य पालन एवं रेशम विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत समीक्षा किया।

उन्होंने किसानों की आय में वृद्धि, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा पशुधन विकास से जुड़े सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं।

इसके लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर विकासखंड स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने शीघ्र मृदा परीक्षण प्रयोगशाला प्रारंभ कर सभी पंजीकृत किसानों की मिट्टी की जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि किसान मृदा की उर्वरा क्षमता के अनुरूप वैज्ञानिक ढंग से खेती कर उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें।

       कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र किसानों का बीमा कराने तथा वन अधिकार पत्रधारी किसानों का किसान पंजीयन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति बढ़ाने, उद्यानिकी फसलों का रकबा विस्तार करने एवं ऑयल पाम योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर विशेष जोर दिया। पशुधन विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पशुओं के बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से नस्ल सुधार, खुरपका-मुंहपका सहित संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सघन टीकाकरण अभियान संचालित करने तथा निराश्रित एवं आवारा मवेशियों को गौशालाओं एवं गौधामों में सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं रेशम विकास योजनाओं के अंतर्गत अधिकाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने निर्देश दिए। 

         बैठक में उप संचालक कृषि ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026 में जिले में 58 हजार 693 हेक्टेयर क्षेत्राच्छादन लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर में बोनी पूर्ण हो चुकी है। किसानों को आवश्यक कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए 6032 मीट्रिक टन उर्वरक भंडारण के विरुद्ध 4415 मीट्रिक टन तथा 4656 क्विंटल बीज भंडारण के विरुद्ध 4199 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 14 हजार 934 हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल सीड्स के तहत 66 ग्रामों के 1,399 किसानों को 500 हेक्टेयर क्षेत्र में मूंगफली की खेती के लिए बीज वितरण सहित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन चावल योजना, आत्मनिर्भर पल्स मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, जैविक खेती मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की भी जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी विभागीय उपलब्धियों से अवगत कराया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित संबंधित विभागों के जिला एवं मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *