सपा के गढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ देंगे 682 करोड़ की सौगात, कल मैनपुरी में जनसभा को करेंगे संबोधित…

प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ रविवार को जनपद आ रहे हैं। वह यहां लगभग 682 करोड़ रुपये की 111 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। विभिन्न योजनाओं के पात्रों को लाभान्वित करेंगे। साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह करीब दो घंटे यहां रुकेंगे। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में वाटर प्रूफ पंडाल और हेलीपैड तैयार हो रहा है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री रविवार दोपहर 12.25 बजे स्टेडियम पहुंचेंगे और 12.30 पर जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के लिए पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में सज रहा पंडाल, तैयार हो रहा हेलीपैड

इसके बाद वह विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें 169 करोड़ रुपये से दक्षिणी बाईपास, 127 करोड़ से अमृत 2.0, 47 करोड़ से मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय और 12 करोड़ रुपये से इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास, 15 करोड़ से पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल और नौ करोड़ रुपये से अग्निशमन विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं। वह सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित करेंगे। इसके बाद वह 2:35 बजे इटावा के लिए प्रस्थान करेंगे। शनिवार को स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए तैयारियां की जा रहीं थीं।

विभिन्न योजनाओं के पात्रों को करेंगे लाभांवित, जनसभा को करेंगे संबोधित

जिलाधिकारी डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए स्टेडियम में वाटर प्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां तैयार मंच पर मुख्यमंत्री समेत 20 से 22 लोग बैठेंगे। मुख्य मंच के बराबर में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पंडाल के पास ही एक काटेज भी बनाई गई है। जहां वह जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और जिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं।

मंडलायुक्त आगरा ने किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पं. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पहुंचकर तैयारी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को संपन्न कराने हेतु तैनात अधिकारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान एसपी गणेश प्रसाद शाहा, सीडीओ नेहा बंधु, एडीएम श्यामलता आनंद, एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *