दार्जिलिंग विवाद सुलझाने को केंद्र-राज्य संवाद का आगाज, सीएम शुभेंदु बोले- पूरा सहयोग मिलेगा…

बंगाल में हाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र, तराई और डुआर्स से जुड़े लंबे समय से लंबित राजनीतिक एवं संवैधानिक मुद्दों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

गुरुवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के लिए नियुक्त वार्ताकार पंकज कुमार सिंह (पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) ने भी भाग लिया।

दार्जिलिंग मुद्दे के समाधान को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के बीच यह पहली औपचारिक बैठक थी।

बैठक में मौजूद रहे दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि इस दौरान दार्जिलिंग, तराई और डुआर्स क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और संवैधानिक समाधान खोजने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने बैठक में आश्वासन दिया कि राज्य सरकार वार्ता प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करेगी और क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान के लिए संवैधानिक रास्ता खोजने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *