नंदिनी मानिकपुरी (संपदक-छत्तीसगढ़):
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार से मांग की है कि 1 नवंबर से किसानों से धान 3286 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह दर लागू नहीं हुई, तो किसानों को प्रति एकड़ 3906 रुपए का आर्थिक नुकसान होगा।
धनंजय सिंह ठाकुर ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद धान के समर्थन मूल्य में दो बार वृद्धि हुई है – पहली बार 117 रुपए प्रति क्विंटल और दूसरी बार 69 रुपए प्रति क्विंटल। हालांकि, पहली वृद्धि का लाभ किसानों को नहीं मिला और धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी गई, जिससे किसानों को प्रति एकड़ 2457 रुपए का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा, “इस बार पिछली बढ़ोतरी को शामिल करते हुए धान के समर्थन मूल्य को 3286 रुपए प्रति क्विंटल तय करना चाहिए। इससे किसानों को उनका हक मिलेगा। इससे कम दर पर खरीदी करना किसानों के साथ अन्याय है।”
धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह विपक्ष में थी, तब धान के समर्थन मूल्य बढ़ने पर भाजपा आंदोलन करती थी और उचित दर पर धान खरीदी की मांग करती थी।
कांग्रेस सरकार के दौरान धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदी गई और बढ़ी हुई समर्थन मूल्य के अनुसार 2660 और 2800 रुपए तक की दर लागू की गई।
अब सत्ता में आने के बाद भाजपा द्वारा बढ़ी हुई समर्थन मूल्य देने से पीछे हटना उसके किसान विरोधी रवैये को दर्शाता है।
प्रदेश कांग्रेस की मांग है कि किसानों की धान इस बार 3286 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाए और पिछले साल का बकाया 117 रुपए प्रति क्विंटल भी किसानों को भुगतान किया जाए।