बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इस कड़ी में बुधवार रात को बदमाशों ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी।
यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हुई। जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ रात करीब 10:20 बजे विधानसभा का कार्य निपटाकर अपनी SUV से माइकलनगर स्थित घर की ओर जा रहे थे।
इस बीच मध्यमग्राम के दोहारिया में एक बिरयानी की दुकान के पास चंद्रनाथ की गाड़ी के सामने एक चारपहिया वाहन अचानक रुका।
जब तक गाड़ी के अंदर बैठे चंद्रनाथ रथ सहित अन्य लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले दो बाइक पर आए चार हमलावर गाड़ी के बगल में आ गए और चंद्रनाथ को लक्ष्य कर प्वाइंट ब्लैंक रेंज से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दीं।
सीने और पेट में गोलियां लगने से गई जान
हमले में रथ को सीने और पेट में गोलियां लगीं, जबकि ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को सीने, पेट और पैर में चोटें आईं। हमलावर, जिनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, गोलीबारी के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोग रथ और बेरा को पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया।
बेरा को बाद में इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया और उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
रथ की मौत को लेकर डॉक्टरों का कहना है की, “दो गोलियां सीने को भेद कर गई थीं। इसके कारण उसे बचाने का कोई मौका ही नहीं मिला।” अस्पताल के मालिक प्रतीम सेनगुप्ता ने बताया कि रथ को अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी, जबकि बेरा को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया।
घटना के तुरंत बाद बंगाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, और फॉरेंसिक जांच के लिए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि इलाके के CCTV फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों को मौके से भागते हुए देखा जा सकता है और जांचकर्ता उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे DGP सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि जांच अधिकारियों ने उस छोटी चार-पहिया गाड़ी को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हमले से पहले रथ की SUV का रास्ता रोकने के लिए किया गया था।
DGP ने आगे कहा, “गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर सिलीगुड़ी के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) का लग रहा है, लेकिन हमारी शुरुआती जांच से पता चलता है कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है।” इसके अलावा एक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,”ऐसा लगता है कि हमलावर खास तौर पर रथ को ही निशाना बना रहे थे।” उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक और निजी रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हत्या के बाद BJP कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश
इस हत्या से BJP कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया है। सैकड़ों कार्यकर्ता पूरी रात अस्पताल के बाहर जमा रहे और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
जब BJP के वरिष्ठ नेता और नए चुने गए विधायक अस्पताल पहुंचे, तो कई समर्थकों की आंखों से आंसू छलक पड़े। बता दें कि, चंद्रनाथ पूर्व वायुसेना कर्मी थे।
इस हत्या को बेहद क्रूर और सोची-समझी साजिश बताते हुए सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि, हमलावरों ने घात लगाकर हमला करने से पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी की थी। यह एक पहले से प्लान किया गया मर्डर है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत BJP के सीनियर नेताओं ने पीड़ित परिवार से बात की है और उन्हें पूरे सहयोग का भरोसा दिया है।
बंगाल BJP प्रमुख ने तृणमूल कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
इसके साथ ही बंगाल BJP के प्रमुख समिक भट्टाचार्य ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया, “यह तो तृणमूल से ही उम्मीद थी। इस मौत के लिए वही जिम्मेदार हैं।” हालांकि, तृणमूल ने इस घटना की निंदा की और कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की, ताकि हत्या के पीछे के लोगों की पहचान हो सके और उन्हें जल्द से जल्द सजा मिल सके।
इसके अलावा चश्मदीदों ने बताया कि यह हमला बहुत ही सुनियोजित और पहले से तय लग रहा था। एक चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि रथ की गाड़ी को उसकी अपनी गाड़ी से आगे निकलने के कुछ ही देर बाद रोक लिया गया; इसके बाद बाइक पर सवार एक बंदूकधारी बाईं ओर से आया और बहुत करीब से गोलीबारी शुरू कर दी। कुल 8 लोग 4 बाइक से आए थे।
घटना के बाद भारी पुलिस बल की तैनाती
चश्मदीद ने कहा, “यह पहले से तय लग रहा था। हमलावर प्रशिक्षित लग रहा था और गोली चलाने के तुरंत बाद वहां से भाग निकला। मैंने दो गोलियों की आवाज सुनी।” उसने आगे बताया कि यह घटना रात 10:30 बजे से 11:00 बजे के बीच, अस्पताल से लगभग 200-300 मीटर की दूरी पर हुई।
घटनास्थल से मिली तस्वीरों में रथ की SUV का टूटा हुआ विंडशील्ड, गाड़ी के अंदर खून के धब्बे और जेसोर रोड पर भारी पुलिस बल की तैनाती दिखाई दे रही थी; इस दौरान फोरेंसिक टीमें सबूत जुटाने के लिए पूरे इलाके की बारीकी से जांच कर रही थीं।