शादी में बवाल: बोलेरो से पहुंचे किन्नरों ने निकाली पिस्तौल, बदायूं में नेग विवाद में दूल्हे के भाई को मारी गोली…

जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में एक शादी समारोह के दौरान नेग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि किन्नरों ने फायरिंग कर दी। घटना में दूल्हे का चचेरा भाई घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक किन्नर को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद कर लिया।

बताया जाता है कि गांव निवासी प्रेम सिंह की बेटी की बारात थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव कथरा खगेई से आई थी। गुरुवार सुबह किन्नर एक बोलेरो गाड़ी से नेग लेने पहुंचे। इसी दौरान नेग को लेकर बारातियों और किन्नरों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोप है कि किन्नरों ने बोलेरो से तमंचा निकालकर चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में दूल्हे का चचेरा भाई गौरव (21) पुत्र योगेंद्र घायल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने एक किन्नर को हिरासत में लेकर उसके पास से तमंचा बरामद किया है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि किन्नरों की गाड़ी से तमंचे, लाठी डंडे बरामद हुए हैं। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *