कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी रद करने के सुप्रीम कोर्ट के प्रयासों का विरोध कर रही है। इसे लेकर उसने केंद्र को चेताया है।
इसके साथ ही सीजेपी ने शीर्ष अदालत द्वारा घोषित उस उच्च-स्तरीय समिति में संगठन के सदस्यों को शामिल करने की मांग की, जिसे पुलिस के बलप्रयोग और पुलिसकर्मियों के खिलाफ हिंसा के आरोपों की जांच के लिए गठित किया जाएगा।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, अगर सरकार 25 जुलाई के वादों का सम्मान करने की दिशा में तत्काल ठोस कदम नहीं उठाती है तो कॉकरोच जनता पार्टी अगले दो दिनों में अपनी राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक बुलाएगी। इसमें राष्ट्रव्यापी आंदोलन की अगली रणनीति बनाई जाएगी।
दास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से देशभर में छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की सूची मांगी, ताकि उन्हें एक साथ रद करने पर विचार किया जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के वकील ने सूची उपलब्ध कराने पर सहमति नहीं जताई।