अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सीजफायर डेडलाइन के पूरा होने से पहले एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप का कहना है कि वो ईरान के साथ सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाना चाहते।
ट्रंप ने यह भी कहा, ‘अमेरिका बातचीत करने की मजबूत स्थिति में है और आखिर में वह एक बड़ी डील पर पहुंचेगा।’
ट्रंप ने ईरान से उन आठ महिलाओं को रिहा करने की अपील की है, जिनके बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि उन्हें मौत की सजा दी जानी है।
मिडिल ईस्ट में फिर छिड़ेगा युद्ध?
ट्रंप ने आज मंगलवार को CNBC को दिए इंटरव्यू में सीजफायर के आगे बढ़ने की बात पर कहा, ‘मैं ऐसा नहीं करना चाहता। हमारे पास इतना समय नहीं है।’
ट्रंप ने आगे कहा कि अगर तेहरान के साथ जल्द ही कोई डील नहीं हुई तो अमेरिका ईरान पर अपने हमले फिर से शुरू कर देगा।
ट्रंप ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि बमबारी होगी क्योंकि मुझे लगता है कि यह एक बेहतर एटीट्यूड है। लेकिन हम जाने के लिए तैयार हैं। मेरा मतलब है, मिलिट्री जाने के लिए तैयार है।’
ट्रंप ने की ईरान की आलोचना
डोनल्ड ट्रंप ने ईरान की आलोचना करते हुए कहा, ‘ईरान का नेतृत्व बहुत अच्छे लोगों का ग्रुप नहीं है। उन्हें इस बात का जिक्र करना पसंद नहीं है। 42,000 निहत्थे प्रदर्शनकारी, निर्दोष-निहत्थे प्रदर्शनकारी, जिनमें से कई लोगों को फांसी दे दी गई। इसलिए, हम कोई बहुत अच्छे लोगों के समूह से नहीं निपट रहे हैं, लेकिन हम उनके साथ बहुत ही सफलतापूर्वक निपट रहे हैं।’
पाकिस्तान में होगी अगली बातचीत
अमेरिका ने भरोसा जताया है कि पाकिस्तान में ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ेगी। वहीं ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी का मानना है कि तेहरान भी इसमें शामिल होने पर विचार कर रहा है।
ट्रंप पहले भी बता चुके हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति-वार्ता को लेकर दूसरी मुलाकात भी पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ही होगी।