पश्चिम एशिया संकट के चलते ईंधन बचाने की प्रधानमंत्री की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने किफायत की दिशा में पहल की है।
सुप्रीम कोर्ट ईंधन बचाने के लिए सोमवार और शुक्रवार को सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई करेगा।
सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के पचास फीसद कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम करेंगे। इसके अलावा शीर्ष अदालत के न्यायाधीशों ने कार पूलिंग को बढ़ावा देने का भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से शुक्रवार को एक सर्कुलर जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि मिसलेनियस दिनों, सोमवार और शुक्रवार को या फिर अन्य दिन जिन्हें कोर्ट मिसलेनियस घोषित करता है, और आंशिक कामकाज वाले दिनों में सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही सुनवाई की जाएगी।
जारी सर्कुलर में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री यह सुनिश्चित करेगी कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिंक समय पर भेजे जाएं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधाएं स्थिर बनी रहें और समय पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि कोर्ट को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
ईंधन की किफायत को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट के सभी न्यायाधीशों ने आपस में कार पूलिंग व्यवस्था को बढ़ावा देने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है।
इसके अलावा जारी निर्देश में यह भी कहा गया है कि अगले आदेश तक सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री की हर ब्रांच या सेक्शन में 50 फीसद कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन घर से काम करने की अनुमति है, बशर्ते कि बाकी कर्मचारी ऑफिस में मौजूद रहें ताकि काम बिना किसी रुकावट के चलता रहे।
इसके लिए संबंधित रजिस्ट्रार यह सुनिश्चित करेंगे कि सप्ताह शुरू होने से पहले ही एक साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर लिया जाए।
निर्देश में कहा गया है कि जिन कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम की अनुमति दी गई है, वे फोन पर उपलब्ध रहेंगे और जरूरत पड़ने पर किसी भी समय आफिस आने को तैयार रहें। संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सौंपे गए अलग अलग काम समय पर पूरे हों।
अगर किसी ब्रांच या सेक्शन में काम की जरूरी प्रकृति को देखते हुए , संबंधित रजिस्ट्रार को लगता है कि वर्क फ्राम होम की व्यवस्था असरदार नहीं है, तो रजिस्ट्रार उस ब्रांच या सेक्शन के लिए ऐसी व्यवस्थाओं को सीमित या संशोधित कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने सर्कुलर जारी कर ये निर्देश भारत सरकार के कार्मिक विभाग से जारी 12 मई के ऑफिस मैमोरेंडम को ध्यान में रखते हुए दिए हैं।