मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज की एआई-जनित फोटो वायरल करने के मामले में भाजपा नेता सहित दो लोगों पर मुकदमा दर्ज…

मछलीशहर की सांसद और क्रि‍केटर र‍िंकू स‍िंंह की मंगेतर प्रिया सरोज की एआई से बनाई गई फर्जी और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

इन तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ भी की गई हैं। सांसद प्रिया सरोज ने इस मामले में भाजपा नेता समेत दो लोगों पर आरोप लगाते हुए जौनपुर के एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह को तहरीर दी है।

इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने आमोद सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। स्क्रीनशॉट में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह की प्रोफाइल फोटो सामने आने के बाद पुल‍िस ने जांच का दायरा भी बढ़ाया है।

वहीं इस बाबत सांसद प्रिया सरोज ने दैन‍िक जागरण को बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनकी छवि को धूमिल करने और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस को आरोपियों के सोशल मीडिया पेजों के लिंक और स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं।

वहीं इस बाबत भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह की ओर से कहा गया है कि संबंधित पोस्ट को हटा दिया गया है और पुलिस मामले की फ‍िलहाज जांच कर रही है।

सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि मेरी एआई जनरेटेड फोटो का उपयोग करके दो लोगों ने मेरे खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके खिलाफ मैंने जौनपुर साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज की है।

इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस प्रकार की फर्जी खबरों और तस्वीरों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की गलत जानकारी को फैलाने से बचें।

सांसद ने कहा कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियाँ न केवल उनके लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

वहीं भाजपा नेता आमोद सिंह की ओर से बताया गया क‍ि उनकी मंशा कभी भी किसी की छवि को धूमिल करने की नहीं थी। वहीं अन्‍य जगहों पर भी ऐसा पाए जाने पर पुल‍िस ने कार्रवाई की जांच के बाद बात कही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *