ठाणे में विवाद के बाद कैब चालक ने बुजुर्ग पर किया हमला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा…

महाराष्ट्र के ठाणे में एक मॉल के पास थूकने का विरोध करने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट करने वाले एक कैब चालक को गिरफ्तार किया गया है।

यह घटना विवियाना मॉल के पास जुपिटर हास्पिटल के बाहर मंगलवार शाम को हुई। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया था।

पीड़ित की पहचान सरोश दस्तूर के रूप में हुई है। मंगलवार शाम वह अपनी पत्नी के साथ मॉल के पास थे। इसी समय उन्होंने ऑनलाइन कैब कंपनी से जुड़े एक चालक को सड़क पर थूकते हुए देखा।

जब दस्तूर ने चालक को इसके लिए टोका तो निशांत धर शुक्ला नामक आरोपित अपना आपा खो बैठा और उसने बुजुर्ग को गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। उसने पत्थरों और पेड़ की टहनियों से भी बुजुर्ग के सिर पर हमला करने की कोशिश की।

इस बीच एक राजनीतिक दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आरोपित चालक को खोज निकाला, उसकी पिटाई की और बाद में उसे ठाणे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *