तेलंगाना में ब्रेक फेल होने से यात्रियों से भरी बस पलटी, 4 महिलाओं की मौत; कई लोग घायल…

तेलंगाना के विकाराबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां शनिवार को जिले में एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के केसाराम गांव के कुछ ग्रामीण एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चिन्ताकुंटा जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक निजी बस किराए पर ली थी। बता दें कि जब यह भीषण दुर्घटना हुई, तब बस में लगभग 40 लोग सवार थे।

ब्रेक फेल होने से पलटी बस

मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक फेल होने की वजह से ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई।इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, 10 से 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

सीएम रेड्डी ने जताया शोक

इस भीषण सड़क हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव संजय जाजू को निर्देश दिए हैं कि वे घायलों को बेहतर और एडवांस मेडिकल ट्रीटमेंट उपलब्ध कराने के लिए तुरंत कदम उठाएं। साथ ही, मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *