हिमाचल कैबिनेट बैठक में 36 एजेंडा बिंदुओं पर मंथन, पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा फैसला संभव…

हिमाचल प्रदेश सरकार की बजट पेश करने के बाद आज पहली कैबिनेट बैठक हो रही है। बैठक में 36 आइटम एजेंडा पर चर्चा होगी। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में बैठक सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुई। हिमाचल में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव से पहले सरकार एक महत्वपूर्ण और सख्त निर्णय ले सकती है। 

चिट्टे से जुड़े आरोपितों को पंचायत चुनाव लड़ने से रोकने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर मंत्रिमंडल बैठक में मुहर लग सकती है। सरकार पंचायती राज चुनाव को स्वच्छ और निष्पक्ष बनाने के लिए एक्ट में संशोधन करने की योजना बना रही है।

सरकार के प्रस्ताव में क्या

प्रस्ताव के अनुसार, जिन व्यक्तियों पर चिट्टा कारोबार में संलिप्तता के आरोप हैं या जिनके खिलाफ एफआइआर दर्ज है, उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की कोशिश है कि नए नियमों को आगामी पंचायत चुनावों में लागू किया जाए। 

पेट स्कैन मशीन को स्वीकृति की संभावना

कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। टांडा मेडिकल कालेज में अत्याधुनिक पैट स्कैन मशीन की खरीद को मंजूरी मिल सकती है। इसके साथ ही निचले स्तर पर नई भर्तियों को लेकर भी निर्णय होने की संभावना है। 

राजस्व और महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में

राजस्व और महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं। राजस्व बढ़ाने के उपायों पर विभिन्न विभागों की रिपोर्ट पर चर्चा होगी। वहीं, महिलाओं को बजट में दी गई चार प्रतिशत स्टांप ड्यूटी राहत के क्रियान्वयन को लेकर भी कैबिनेट में विचार-विमर्श किया जाएगा। राजस्व विभाग की ओर से एक विधेयक भी मंजूरी के लिए लाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *