फिनलैंड में इस साल मई में लापता हुए हैदराबाद के एक 18 साल के छात्र का शव हेलसिंकी में समुद्र से मिला है। यह जानकारी फिनलैंड में भारतीय दूतावास ने यहां उसके परिवार वालों को दी है।
मणिदीप रेड्डी फिनलैंड के लाहेटी कैंपस स्थित लैपीनरांटा-लाहेटी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलाजी में साफ्टवेयर और सिस्टम इंजीनियरिंग में बैचलर प्रोग्राम कर रहे थे। वह लाहेटी में रह रहे थे।
रेड्डी को आखिरी बार पांच मई को हेलसिंकी के एक माल में देखा गया था। परिवार के वकील केएलबी कुमार ने शनिवार को कहा उन्हें यह घटना संदिग्ध लगती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फिनलैंड की सरकार इस पूरे मामले को स्वाभाविक मौत बताकर दबाने की कोशिश कर रही है और जानबूझकर कई तथ्यों को छिपा रही है।
उन्होंने दावा किया कि मामले की ठीक से जांच नहीं की गई। कुमार ने कहा, “हमें कई संदेह हैं। दो महीने बाद शव मिला है। हमें पक्का यकीन है कि यह स्वाभाविक मौत नहीं है।”
उन्होंने कहा कि मणिदीप के माता-पिता बहुत दुखी हैं और उन्हें आशंका है कि पांच मई को ही कुछ हुआ था। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि माता-पिता को फिनलैंड जाने और शव देखने की अनुमति दी जाए।