भाजपा का दिलचस्प दांव: सुप्रिया सुले के होने वाले समधी को विधान परिषद चुनाव में उतारा…

राकांपा (शरद चंद्रपवार) की सांसद सुप्रिया सुले के होने वाले समधी अरुण लखानी को भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में चंद्रपुर-वर्धा-गढ़चिरौली सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।

लखानी के बेटे सारंग की शादी सुले की बेटी रेवती से होने वाली है। इस संबंध में सोमवार को लखानी ने कहा कि राजनीति और पारिवारिक संबंध अलग-अलग मामले हैं।

भाजपा उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने एक मराठी समाचार चैनल को बताया कि सुप्रिया ताई ने मुझे बधाई संदेश भेजा। पवार परिवार का जिक्र स्वाभाविक है, क्योंकि यह एक बड़ा राजनीतिक परिवार है और हम रिश्तेदार हैं। मुझे इसमें कुछ भी असामान्य नहीं लगता।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी राजनीतिक संबद्धता और पवार परिवार से पारिवारिक संबंध एक अनूठा समीकरण बनाते हैं, तो लखानी ने कहा कि राजनीति अलग है और दोनों पक्ष अपनी-अपनी विचारधाराओं के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कारोबारी अरुण लखानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं ने मेरे ऊपर भरोसा व्यक्त किया है।

इससे मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। अपनी चुनावी संभावनाओं के बारे में लखानी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता ऐसे उम्मीदवारों को चुनते हैं जो उनके लिए काम करे और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ पहुंचाने में मदद करे।

महाराष्ट्र बैडमिंटन एसोसिएशन में प्रशासक के रूप में काम कर चुके लखानी ने कहा कि चुनाव लड़ना उनके लिए एक नया अनुभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *