BJP का आरोप: रूस ने पाकिस्तान को JF-17 इंजन देने से किया इनकार, कांग्रेस भारत की छवि कर रही खराब…

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की और उन फर्जी खबरों’’ के आधार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार की रणनीतिक और विदेश नीति पर सवाल उठाए, जिनमें दावा किया गया है कि रूस पाकिस्तान को जेएफ-17 जेट इंजन की आपूर्ति कर रहा है।

कुछ दिन पहले, विपक्षी पार्टी के नेता जयराम रमेश ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए सरकार से पूछा था कि भारत का ‘‘कभी सबसे विश्वसनीय रणनीतिक सहयोगी’’ रहा रूस, चीन निर्मित जेएफ-17 लड़ाकू विमानों के इंजन की आपूर्ति करके पाकिस्तान को सैन्य सहायता क्यों ‘‘प्रदान’’ कर रहा है।

राज्यसभा सदस्य रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, इसे प्रधानमंत्री मोदी की ‘‘व्यक्तिगत कूटनीति’’ की विफलता भी बताया था। इस पर पलटवार करते हुए, भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि रूस द्वारा यह स्पष्ट करने से कि पाकिस्तान के साथ ऐसा कोई समझौता नहीं हुआ है, कांग्रेस ‘‘बेनकाब’’ हो गई है और उन्होंने मीडिया में आई खबरों को ‘‘फर्जी और निराधार’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘रमेश ने यह दर्शाने की कोशिश की कि रूस और पाकिस्तान के बीच एक नयी सहमति बनी है, जिसके तहत रूस, चीन निर्मित जेएफ-17 लड़ाकू विमानों के लिए उन्नत इंजन पाकिस्तान को मुहैया कराएगा। कांग्रेस नेता ने भारत की रणनीति और विदेश नीति पर प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किए। उन्होंने कहा, ‘‘यह खबर हर जगह प्रकाशित हुई, लेकिन जब सच्चाई सामने आई, तो कांग्रेस बेनकाब हो गई और उसकी विश्वसनीयता खत्म हो गई।’’

पात्रा ने कहा कि रूस ने पाकिस्तान के साथ ऐसे किसी समझौते से इनकार किया है, लेकिन कुछ ‘‘सूत्रों के हवाले से खबरों’’ में कहा गया है कि कुछ ताकतें दिसंबर 2025 में होने वाले एक शिखर सम्मेलन से पहले रूस और भारत के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे जी-20 हो या कोई और बड़ा शिखर सम्मेलन, कांग्रेस ऐसे आयोजनों से पहले भारत की छवि खराब करने के लिए ऐसी स्थितियां पैदा करने की कोशिश करती है। भारत की साख कम करने के उद्देश्य से कुछ फर्जी खबरें गढ़ी जाती हैं।’’

पात्रा ने आरोप लगाया कि रमेश ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर ही ‘‘फर्जी खबर’’ पर अपनी टिप्पणी ‘एक्स’ पर पोस्ट की होगी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी विदेश जाते हैं और इस तरह की बातें ट्वीट करवाते हैं… आप माहौल बनाने और पाकिस्तान को ऑक्सीजन देने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने इसके पीछे का कारण भी पूछा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री मोदी पसंद नहीं हैं तो वे लोकतांत्रिक तरीके से लड़ें। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कांग्रेस दुश्मन देश को ऑक्सीजन दे रही है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *