प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एक संतुलित, दोनों देशों के लिए लाभकारी और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करें। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मोदी और ट्रंप की बुधवार को यहां जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक हुई थी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हुए संबंधों को फिर से मजबूत करना था। दोनों नेताओं की 16 महीने बाद यह पहली बैठक हुई थी।
जी-7 शिखर सम्मेलन में द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा
बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने व सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे, ताकि प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को बताया कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक के दौरान व्यापार के मुद्दे पर प्रमुखता से चर्चा हुई और दोनों नेताओं ने अपने वार्ताकारों को प्रस्तावित व्यापार समझौते को यथाशीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है।
आईएएनएस के अनुसार, पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में पद्मश्री से सम्मानित राबर्ट एएफ थर्मन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह बौद्ध धर्म के एक प्रख्यात विद्वान और भारत के आजीवन मित्र थे।
अमेरिका-ईरान समझौते का भारत ने किया स्वागत
भारत ने गुरुवार को अमेरिका-ईरान शांति समझौते का स्वागत किया। भारत ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में अपने सहयोगी देशों के साथ लगातार संपर्क में है और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए योगदान देने के लिए तैयार है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पेरिस में मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारत ने संघर्षों के समाधान के लिए सदैव बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की वकालत की है। उम्मीद है कि अमेरिका-ईरान के बीच समझौते से लंबे समय तक शांति बनी रहेगी।