सोलर क्रांति की ओर बड़ा कदम: 75 लाख घरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, सरकार का मेगा रोडमैप तैयार…

नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गुरुवार को भरोसा जताया कि भारत दिसंबर तक पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 75 लाख घरों में रूफटॉप सोलर पावर लगाने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।

अभी 41 लाख घरों में रूफटॉप सोलर पावर लग चुका है। सरकार ने फरवरी 2024 में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी, जिसके लिए 75,021 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था।

इस योजना का मकसद रूफटाप सोलर सिस्टम लगाना और एक करोड़ घरों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना है।

इस योजना के तहत 2 केडब्ल्यू तक के सिस्टम की लागत का 60 प्रतिशत और दो से तीन केडब्ल्यू क्षमता वाले सिस्टम की अतिरिक्त लागत का 40 प्रतिशत केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक मदद के तौर पर दिया जाता है। यह आर्थिक मदद तीन केडब्ल्यू तक सीमित है।

इस योजना के लाभार्थियों को एक केडब्ल्यू के लिए 30 हजार रुपये, 2 केडब्ल्यू सिस्टम के लिए 60,000 रुपये और 3 केडब्ल्यू या उससे ज्यादा क्षमता वाले सिस्टम के लिए 78,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है।

जोशी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत के ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व गति से बदलाव ला रही है। पिछले दो सालों में, इस योजना के तहत 40 लाख घरों में सोलर पावर लगाने का मील का पत्थर पार कर लिया गया है।

65 लाख से ज्यादा आवेदन पहले ही मिल चुके हैं और अगले सात महीनों में 75 लाख घरों का लक्ष्य रखा गया है, जिस तेजी से लोग इसे अपना रहे हैं, वह सचमुच बेमिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *