श्रीलंका के पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर ने बुधवार को संसद में बताया कि देश के पूर्व इंटेलिजेंस चीफ ने 2019 में ईस्टर संडे हमले को निर्देशित किया था।
यह पहला आधिकारिक बयान है जिसमें उन्हें सीधे तौप पर बम धमाकों से जोड़ा गया है, जिनमें 279 लोग मारे गए थे।
मिनिस्टर आनंद विजेपाला ने कहा कि मेजर जनरल सुरेश सल्ले, जिन्हें फरवरी में हमले में मदद और उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, ने बम धमाके के लिए एक कैथोलिक चर्च की पहचान की थी। नागरिकों पर श्रीलंका के सबसे बड़े आतंकी हमले में राजधानी के तीन महंगे होटलों, दो रोमन कैथोलिक चर्चों और कोलंबो के बाहर एक इवेंजेलिकल प्रोटेस्टेंट चर्च पर बम धमाके शामिल थे।
सल्ले ने इस्लामिक चरमपंथियों के साथ मिलकर साजिश रची- विजेपाला
विजेपाला ने कहा, “जांच से पता चला है कि रिटायर्ड मेडर जनरल तुआन सुरेश सल्ले ने इस्लामिक चरमपंथियों के साथ मिलकर साजिश रची और हमले को अंजाम देने तक उन्हे रणनीतिक रूप से निर्देशित किया। हमले से तीन हफ्ते पहले, सल्ले ने जगह और लोगों के जमावड़े की जानकारी हासिल करने के लिए मुस्लिम पुरुषों से मुलाकात की थी।”
हालांकि, सल्ले ने अपने वकील के जरिए किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।
सिल्ले को अस्पताल में भर्ती कराया गया- विजेपाला
विजेपाला ने बताया कि ‘प्रिवेंशन ऑफ टेररिज्म एक्ट’ के तहत हिरासत में रहने के दौरान भूख हड़ताल शुरू करने के बाद सल्ले को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विपक्षी कार्यकर्ता राजधानी में उन्हें हिरासत से रिहा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजपक्षे ने सिल्ले को बनाया था SIS का प्रमुख
सल्ले से पूछताछ के बाद, जांचकर्ताओं ने कोर्ट से ऐसे आदेश हासिल किए हैं जो पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को द्वीप छोड़ने से रोकते हैं। राजपक्षे के राष्ट्रपति बनने के तुरंत बाद, 2019 में सल्ले को देश की प्रमुख जासूसी एजेंसी, स्टेट इंटेलिजेंस सर्विस (SIS) का प्रमुख नियुक्त किया था। SIS का प्रमुख बनने से पहले वह मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट के भी प्रमुख थे।
ब्रिटिश ब्रॉडकॉस्टर चैनल 4 ने 2023 में रिपोर्ट दी थी कि सल्ले उन इस्लामवादियों से जुड़े थे जिन्होंने आत्मघाती बम धमाके किए थे और हमले से पहले उनसे मुलाकात की थी।
एक व्हिसलब्लोअर ने बताया कि उन्होंने उस साल के राष्ट्रपति चुनाव को राजपक्षे के पक्ष में प्रभावित करने के इरादे से हमले को आगे बढ़ने दिया था। बम धमाकों के दो दिन बाद राजपक्षे ने अपनी उम्मीदवारी का एलान किया और इस्लामी चरमपंथ को खत्म करने का वादा करके नवंबर में हुए चुनाव में भारी जीत हासिल की ।
क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने राजपक्षे को संदिग्ध के तौर पर नामजद नहीं किया है, लेकिन सरकारी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही उनसे पूछताछ हो सकती है।