अमेरिका में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम: सीनेट में क्रॉस वोटिंग, ट्रंप की युद्ध संबंधी शक्तियों पर लगी लगाम…

 ईरान युद्ध में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के अधिकार कम करने वाला एक प्रस्ताव पारित किया गया है।

अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन से पारित इस आशय के प्रस्ताव का समर्थन ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के चार सांसदों ने भी किया है। लगातार सात बार की नाकामी के बाद आठवें प्रयास में इस प्रस्ताव पर सीनेट की मुहर लगी है।

ट्रंप के खिलाफ हुई वोटिंग

सीबीएस न्यूज के अनुसार, सीनेट में प्रस्ताव के पक्ष में 50 वोट पड़े, जबकि विरोध में 47 सीनेटरों ने मतदान किया। हैरानी की बात यह है कि चार रिपब्लिकन सीनेटरों ने भी विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों का साथ दिया और प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।

ट्रंप के खिलाफ वोटिंग करने वाले रिपब्लिकन सीनेटरों में सुसान कोलिंस, लिसा मुर्कोव्स्की, रैंड पाल और बिल कैसिडी शामिल हैं। डेमोक्रेट्स द्वारा लाया गया यह प्रस्ताव आठवें प्रयास में पारित हुआ है।

डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन ने इस प्रस्ताव को पेश किया था। इस प्रस्ताव का मकसद राष्ट्रपति की सैन्य शक्तियों पर नियंत्रण रखना और संसद की भूमिका सुनिश्चित करना है।

प्रस्ताव पारित होने पर डेमोक्रेटिक सीनेटर एडम शिफ ने कहा ने सीनेट डेमोक्रेट्स ने एक बार फिर इस असंवैधानिक युद्ध को समाप्त करने के लिए वोटिंग के लिए मजबूर किया है।

रॉयटर्स के अनुसार, यह प्रस्ताव भले ही 100 सदस्यीय सीनेट से पारित हो गया है, लेकिन इसे रिपब्लिकन के नियंत्रण वाली प्रतिनिधि सभा से भी पारित कराना होगा। यही नहीं ट्रंप के संभावित वीटो को बेअसर करने के लिए इसे दोनों सदनों से दो-तिहाई बहुमत से पास कराना आवश्यक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *