बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पांच विदेशी नागरिकों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए ड्रग्स का अनुमानित मूल्य 60.86 करोड़ रुपये है।
आरोपितों के पास से 29 किलोग्राम एमडीएमए, 20 ग्राम कोकेन और एक हजार नशीली गोलियां जब्त की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान हेब्बल थाना, सीसीबी मादक पदार्थ रोधी शाखा और गिरिनगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज अलग-अलग मामलों में चलाया।
पुलिस दल ने उनके पास से 17.282 किलोग्राम एमडीएमए जब्त किया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 34.56 करोड़ रुपये है।
वहीं, एक अलग अभियान में सीसीबी मादक पदार्थ रोधी शाखा ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज किए और तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो नाइजीरियाई और एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक शामिल हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने 6.718 किलोग्राम एमडीएमए और 20 ग्राम कोकेन भी जब्त की, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 14.30 करोड़ रुपये है। ये ड्रग्स दिल्ली के एक आपूर्तिकर्ता से मंगवाए गए थे। तीसरे मामले में गिरिनगर थाना क्षेत्र में एक और नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ा गया।
उसके पास से पांच किलोग्राम एमडीएमए और एक हजार नशीली गोलियां जब्त की गईं, जिनकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। जांच से पता चला है कि जब्त एमडीएमए को एक विदेशी नागरिक नई दिल्ली से लेकर आया था।