आरबीआई ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले जिलों में स्थित अपनी शाखाओं में नकली नोट जांचने वाली मशीनें जरूर लगाएं।
आरबीआई ने अप्रैल में बैंकों को नकली नोटों का पता लगाने, उनकी रिपोर्ट करने और उन पर नजर रखने के बारे में विस्तृत निर्देश दिए थे।
आरबीआई ने यह भी कहा है कि बैंकों के लिए यह भी जरूरी है कि वे कैश संभालने वाले अपने सभी कर्मचारियों को असली नोटों की सुरक्षा विशेषताओं के बारे में ट्रेनिंग दें ताकि वे नकली नोटों की पहचान कर सकें।
केंद्रीय बैंक ने द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है, नकली नोटों को पकड़ने के मामले में कुछ बैंक गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। सर्कुलर में बैंकों से अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करने को कहा गया ताकि वे नकली नोटों की पहचान करने, उन्हें जब्त कर सकें।
बैंकों से यह भी कहा गया है कि वे अपने नकली नोट निगरानी सेल द्वारा जांचे गए आंकड़ों का विश्लेषण करें, जिससे हॉटस्पॉट (अगर कोई हो) की पहचान की जा सके, ट्रेंडस पर नजर रखी जा सके और उसी के अनुरूप अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिशों पर ध्यान दिया जा सके।