बांग्लादेश को बड़ी कूटनीतिक सफलता, रहमान चुने गए संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष…

बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने बेहद कड़े मुकाबले में साइप्रस के उम्मीदवार एंड्रियास काकौरिस को हराया।

रहमान को 99 वोट मिले जबकि काकौरिस को उपस्थित और मतदान करने वाले 190 सदस्यों में से 91 वोट मिले। निर्वाचित होने के लिए 96 वोटों की आवश्यकता थी। रहमान सितंबर में शुरू होने वाले 193 सदस्यीय महासभा के 81वें सत्र का नेतृत्व करेंगे।

रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा की वर्तमान अध्यक्ष और जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री एनालेना बेरबाक से पदभार ग्रहण करेंगे। एनालेना संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80 साल के इतिहास में केवल पांचवीं महिला अध्यक्ष हैं।

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने खलीलुर रहमान को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। रहमान ने फरवरी में बांग्लादेश के विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली थी।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष का चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने में विफल रही है। संयुक्त राष्ट्र के मौजूदा प्रमुख गुटेरस का कार्यकाल इस साल के अंत में समाप्त हो रहा है, ऐसे में अगले महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *