केरलम हाई कोर्ट ने सबरीमाला मंदिर में वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए पीएस. संतकुमार की कार्यकारी अधिकारी के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
वर्तमान में संतकुमार राज्य के सांस्कृतिक मामलों के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वह ओजी बिजू का स्थान लेंगे, जिनकी सबरीमाला में विभिन्न पदों पर लगातार नियुक्ति को लेकर हाई कोर्ट पहले सवाल उठा चुका था।
हाई कोर्ट ने त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) को निर्देश दिया था कि प्रमुख मंदिरों में प्रशासनिक और कार्यकारी अधिकारियों की नियुक्ति केवल ईमानदार और दक्ष अधिकारियों की ही की जाए।
इसके बाद बोर्ड ने बिजू का तबादला कर उनकी जगह संतकुमार की नियुक्ति की अनुमति मांगी थी। जस्टिस राजा विजयराघवन वी. और जस्टिस के. वी. जयकुमार की पीठ ने कहा कि बोर्ड के सतर्कता एवं सुरक्षा प्रकोष्ठ ने संतकुमार की सेवा रिकॉर्ड की जांच की है।
रिपोर्ट में उनके पिछले कार्यकाल के दौरान कोई प्रतिकूल टिप्पणी या वित्तीय अनियमितता नहीं मिली। कोर्ट ने बोर्ड की याचिका स्वीकार करते हुए संतकुमार को 16 जुलाई से पदभार ग्रहण करने की अनुमति दे दी।