तमिलनाडु में एएमएमके ने अपने एकमात्र विधायक एस. कामराज को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। एएमएमके के प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने रविवार को कहा कि कामराज को अयोग्यता का सामना करना पड़ेगा।
मन्नारगुड़ी विधानसभा सीट से विधायक कामराज ने पार्टी के आधिकारिक रुख के खिलाफ जाकर विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय की टीवीके सरकार का समर्थन किया था।
राजग में शामिल अम्मा मक्कल मुन्त्र काझागम (एएमएमके) ने अन्नाद्रमुक, भाजपा और पीएमके के साथ मिलकर 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन केवल मन्नारगुडी निर्वाचन क्षेत्र में कामराज को जीत मिल सकी। कामराज ने टीवीके सरकार का समर्थन किया था।
इस कदम को विश्वासघात और अनुशासनहीनता बताते हुए दिनाकरन ने 12 मई को ही कामराज को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। दिनाकरन ने कहा कि भले ही कोई अकेला विधायक पार्टी छोड़े या दलबदल करे, उस पर अयोग्यता के प्रविधान पूरी तरह लागू होते हैं।