अमेरिका में रासायनिक टैंक से विस्फोट का बड़ा खतरा, 50 हजार लोगों को इलाके खाली करने के निर्देश…

अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में एक एयरोस्पेस फैक्ट्री के रासायनिक टैंक से संभावित विस्फोट का खतरा पैदा होने के बाद करीब 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। अधिकारियों ने इलाके में आपात स्थिति घोषित करते हुए लोगों से तुरंत क्षेत्र खाली करने की अपील की है।

यह घटना ऑरेंज काउंटी के गार्डन ग्रोव स्थित GKN एयरोस्पेस प्लांट में हुई, जहां एक बड़े स्टोरेज टैंक में करीब 7,000 गैलन मिथाइल मेथाक्रिलेट नामक बेहद ज्वलनशील और जहरीला रसायन रखा हुआ है। इस रसायन का इस्तेमाल प्लास्टिक और रेजिन बनाने में किया जाता है।

टैंक का तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंचा

अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को टैंक के अंदर रासायनिक प्रतिक्रिया तेज हो गई और तापमान इतना बढ़ गया कि थर्मामीटर की सीमा पार कर गया। कैलिफोर्निया के स्टेट सीनेटर टॉम उम्बर्ग ने कहा कि टैंक का तापमान 100 डिग्री तक पहुंच गया था, या शायद उससे भी ज्यादा।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि टैंक के भीतर दबाव अचानक बढ़ गया और टैंक फट गया, तो जोरदार विस्फोट हो सकता है। इससे धातु के टुकड़े और मलबा आसपास के घरों, दुकानों और इमारतों तक जा सकता है।

कई शहरों में खाली कराया गया इलाका

संभावित खतरे को देखते हुए करीब 9 वर्ग मील के इलाके को खाली कराया गया है। प्रभावित शहरों में गार्डन ग्रोव, वेस्टमिंस्टर, स्टैंटन, बुएना पार्क, साइप्रस, एनाहिम शामिल हैं।

लोगों में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें

इलाके के कुछ लोगों ने गले में जलन, चक्कर और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें की हैं। स्टैंटन निवासी वैन ली ने कहा कि मैं गुरुवार रात खिड़की बंद करना भूल गया। अब मेरे गले और नाक में जलन है और मेरी पत्नी को चक्कर आ रहे हैं।

टैंक में दरार मिलने से कुछ राहत

फायर अधिकारियों ने सप्ताहांत में टैंक की जांच के दौरान उसमें एक संभावित दरार देखी। अधिकारियों का मानना है कि यह दरार धीरे-धीरे दबाव बाहर निकाल रही है, जिससे अचानक बड़े विस्फोट का खतरा कुछ कम हो सकता है।

ऑरेंज काउंटी फायर विभाग के इंसिडेंट कमांडर क्रेग कोवी ने कहा कि अजीब लगेगा, लेकिन मौजूदा स्थिति में यह सबसे बेहतर स्थिति हो सकती है, क्योंकि दबाव धीरे-धीरे निकल रहा है। हालांकि अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दरार पूरी तरह नहीं खुली, तो अंदर दबाव बना रह सकता है और तब विनाशकारी विस्फोट का खतरा बना रहेगा।

राहत और निगरानी अभियान जारी

फायरफाइटर्स और पर्यावरण संरक्षण एजेंसी की टीमें लगातार टैंक को ठंडा करने और रासायनिक प्रतिक्रिया नियंत्रित करने में जुटी हैं। फिलहाल आसपास की हवा में जहरीली गैसों का स्तर खतरनाक नहीं पाया गया है।

ऑरेंज काउंटी फायर चीफ मैकगवर्न ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम जानते हैं कि लोग अपने घरों से बाहर हैं, लेकिन जब तक इलाका पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, उन्हें वापस नहीं जाने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *