डिजिटल राजनीतिक व्यंग्यात्मक (सटायर) समूह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शनिवार को दावा किया कि ‘काकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के सभी इंटरनेट मीडिया अकाउंट और वेबसाइट को बंद कर दिया गया है।
अभिजीत ने एक्स पर पोस्ट किया, इंस्टाग्राम पेज हैक किया गया। मेरा निजी इंस्टाग्राम अकाउंट हैक किया गया। ट्विटर अकाउंट ब्लॉक किया गया। वेबसाइट भी बंद कर दी।
इस समय किसी भी प्लेटफार्म तक हमारी पहुंच नहीं है। अब कोई भी पोस्ट कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।
दरअसल, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने पिछले हफ्ते कहा था कि कुछ युवा काकरोच जैसे होते हैं, जो सिस्टम पर ही हमला करने लगते हैं।
हालांकि प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन लोगों की नाराजगी दूर नहीं हुई।
इसी माहौल में कॉकरोच जनता पार्टी नाम से ग्रुप बनाया गया था। अभिजीत ने कहा, नए भारत में जवाबदेही की मांग करने वाली सीजेपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
तमाम कार्रवाइयों के बावजूद आंदोलन लगातार बढ़ता जा रहा है! वेबसाइट बंद होने से पहले हमने 10 लाख पंजीकरण का आंकड़ा हासिल कर लिया है।