UP में स्मार्ट मीटर नियमों में बड़ा बदलाव: अब प्रीपेड मीटर भी पोस्टपेड की तरह करेंगे काम…

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता की।

उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक व बिल बकाया के कारण हो रही दिक्कतों के मद्देनजर नियमों में संशोधन की जानकारी दी।

स्वीकार किया कि गरीब एवं मध्यम वर्ग के विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से दिक्कत यह आ रही है।

उन्होंने कहा कि अब सबसे कम भार वाले (एक किलोवाट) घरेलू उपभोक्ता 30 दिन पर अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज कर सकते हैं।

इस दरम्यान स्मार्ट /प्रीपेड मीटर पर उनकी बिजली नहीं कटेगी। एक किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का प्री-पेड मीटर अब सामान्य, पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि जैसे पहले मासिक बिल भरते थे वैसे ही 30 दिन पर या उससे पहले अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज कराते रहें।

उर्जा मंत्री ने बताया कि दो किलोवाट भार तक के घरेलू उपभोक्ता को पूर्व की व्यवस्थानुसार उनका बैलेंस शून्य होने पर भी अगले तीन दिन अथवा 200 रुपये तक के निगेटिव बैलेंस होने तक बिजली नही काटी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस कम होने पर पांच बार एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को सतर्क किया जाए।

नारी शक्ति वंदन अभियान की चर्चा करते हुए
उन्होंने यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता: का उद्धरण देते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में, संस्कृति में महिलाओं को देवी का स्थान दिया गया है।

देश की समृद्धि में हमारी नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान है, जब तक नारी का सम्मान नहीं होगा, देश में समृद्धि नहीं आएगी। शक्ति स्वरूपा नारी समुदाय को उनका अधिकार देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अभियान की कल्पना की गई।

इसके लिए संसद में विशेष अधिवेशन बुलाकर उसे पारित कराया जाना था। कानूनी रूप दिया जाना था किंतु विपक्षी पार्टियों ने इस अधिनियम को पास नहीं होने दिया। सम्मेलन के उपरांत प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में ‘महिला जनआक्रोश मार्च’  निकाला गया।

इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लेकर अपने अधिकारों के प्रति हुंकार भरी। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी और बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डा. अजय सिंह, अंजू पाठक, विमला श्रीवास्तव, निशि सोनकर, स्वर्णिम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *