वीडियो गेम बनाने वाली बड़ी कंपनी यूबीसॉफ्ट के संस्थापकों में से एक क्लॉड गिलेमोट का फ्रांस में एक प्लेन क्रैश में 69 साल की उम्र में निधन हो गया है। यूबीसॉफ्ट ने शनिवार को एक बयान में उनके निधन की पुष्टि की और कहा कि कंपनी अपने को-फाउंडर और गिलेमोट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन के जाने से बहुत दुखी है।
कंपनी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं, लेकिन उन्होंने इस घटना के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। फ्रांसीसी ब्रॉडकास्टर आईसीआई ने बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजे से कुछ देर पहले पश्चिमी फ्रांस के समुद्र तटीय शहर ला बाउल में एक सेसना 421 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दो इंजन वाले इस विमान में दो लोग सवार थे और दोनों की ही दुर्घटना में मौत हो गई।
दूसरे यात्री की पहचान अभी उजागर नहीं
आईसीआई के अनुसार, गवाहों ने बताया कि विमान ला बाउल एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहा था तभी वह अचानक मुड़ा और क्रैश हो गया। दूसरे यात्री की पहचान अभी तक जाहिर नहीं की गई है।
1986 में की थी यूबीसॉफ्ट की शुरुआत
क्लॉड गिलेमोट ने 1986 में अपने चार भाइयों के साथ मिलकर यूबीसॉफ्ट की शुरुआत की थी। यह कंपनी दुनिया की प्रमुख वीडियो गेम पब्लिशर में से एक बन गई और इसने असेसिन्स क्रीड, फार क्राई और रेमैन जैसे लोकप्रिय गेम बनाए।
2007 में शुरू हुई असेसिन्स क्रीड सीरीज ने दुनिया भर में 200 मिलियन से जियादा खिलाड़ियों को अपनी ओर आकर्षित किया है। इस सीरीज की सबसे नई और बड़ी रिलीज असेसिन्स क्रीड शैडोज 16वीं सदी के जापान पर आधारित है और इसे इसकी विस्तृत दुनिया और ऐतिहासिक परिवेश के लिए समीक्षकों से तारीफ मिली है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल मामलों की फ्रांसीसी जूनियर मिनिस्टर ऐनी ले हेनैनफ ने एक्स पर गिलेमोट को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि फ्रांसीसी वीडियो गेम इंडस्ट्री ने अपने एक अगुआ को खो दिया है।