अमेरिकी न्याय विभाग ने कोविड-19 महामारी के दौरान आपूर्ति को सीमित करने और कीमतों को निर्धारित करने के लिए कथित वैश्विक साजिश में चार प्रमुख शिपिंग कंटेनर निर्माताओं और सात अधिकारियों पर आरोप लगाया है।
अभियोजकों ने कहा कि यह साजिश नवंबर 2019 से जनवरी 2024 तक चली। इसमें वैश्विक व्यापार में उपयोग होने वाले मानक शिपिंग कंटेनरों के उत्पादन को सीमित करने और कीमतें बढ़ाने के प्रयास शामिल थे।
आरोपित कंपनियों में सिंगामास कंटेनर होल्डिंग्स लिमिटेड, चाइना इंटरनेशनल मरीन कंटेनर्स, शंघाई यूनिवर्सल लाजिस्टिक्स इक्विपमेंट कंपनी लिमिटेड और सीएक्सआइसी ग्रुप कंटेनर्स कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।
सिंगामास के कार्यकारी अधिकारी विक नाम हिंग मा को 14 अप्रैल को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी अधिकारी उनकी प्रत्यर्पण की मांग कर रहे हैं। अन्य छह कार्यकारी अधिकारी अब भी फरार हैं।
वहीं, एक संसदीय जांच में सामने आया है कि दो अमेरिकी बैंकों ने चीनी बैटरी कंपनी को अरबों डॉलर जुटाने में मदद की, जबकि कुछ ही महीनों पहले अमेरिकी सरकार ने इसे “चीनी सैन्य कंपनी” घोषित किया था। इस जांच में वाल स्ट्रीट के प्रमुख बैंकों पर राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं से ऊपर मुनाफे को रखने का आरोप लगाया गया है।
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी पर हाउस सेलेक्ट कमेटी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दो अमेरिकी बैंकों (जेपी मार्गन चेस और बैंक आफ अमेरिका) ने मई 2025 में हांगकांग स्टाक एक्सचेंज पर कंटेंपररी एम्पेरेक्स टेक्नोलाजी कंपनी लिमिटेड के प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश का समर्थन किया।
ऐसा युद्ध विभाग की चेतावनियों और शिनजियांग में चीन के सैन्य और जबरन श्रम नेटवर्क से कंपनी के कथित संबंधों को लेकर द्विदलीय चिंताओं के बावजूद किया गया।
समिति के अध्यक्ष जान मूलेनार ने कहा, ‘मेरी समिति की जांच में गंभीर नीतिगत बदलावों की मांग की गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जेपी मार्गन और बैंक आफ अमेरिका ने जो किया वह फिर कभी न हो।’