गुजरात के कच्छ जिले में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत एक कुख्यात अपराधी के कब्जे से लगभग 10 हजार वर्ग मीटर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। इस भूमि पर बने होटल सहित सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की कीमत कई करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूर्वी कच्छ के पुलिस अधीक्षक सागर बागमार ने बताया कि अदेसर क्षेत्र में राधनपुरा-समखियारी हाईवे के किनारे स्थित सरकारी जमीन पर अपराधी हारून अयूब हिंगोरजा ने अवैध कब्जा कर रखा था। इस भूमि पर संचालित ‘सहारा होटल’ समेत कई अन्य अवैध ढांचे बनाए गए थे। पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को खाली कराया और अवैध निर्माणों को हटाया।
बागमार ने बताया कि राज्य सरकार की अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति के तहत यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि कब्जामुक्त कराई गई जमीन का उपयोग अब जनहित के कार्यों में किया जाएगा।
इसी क्रम में अदेसर में नए पुलिस स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार और जिला प्रशासन को भेजा गया था।उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने निर्देश दिए हैं कि अपराधियों से बरामद संपत्तियों और जमीनों का उपयोग आम जनता के हित तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाए।
प्रस्ताव को त्वरित मंजूरी मिलने के बाद जमीन आधिकारिक रूप से पुलिस विभाग को सौंप दी गई है। गुजरात पुलिस हाउसिंग बोर्ड यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आधुनिक पुलिस स्टेशन का निर्माण जल्द शुरू करेगा।