FBI की जांच के बाद पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 लाख डॉलर की रिश्वत मांगने के आरोप में SHO नागरा गिरफ्तार…

अमेरिका में रह रहे एक परिवार से हत्या के मामले में 4 लाख डॉलर की रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर उन्हें मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप में निलंबित थाना प्रभारी गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सबसे खास बात यह रही कि शिकायत की जांच अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई तक पहुंची, जिसके बाद पंजाब पुलिस को भी सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार गुरिंद्रजीत सिंह नागरा उस समय थाना टांडा में थाना प्रभारी के पद पर तैनात था। उस पर आरोप है कि उसने मियानी निवासी बलविंदर सिंह की हत्या के मामले में अमेरिका में रह रहे एक परिवार से चार लाख डॉलर की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर परिवार को हत्या के मामले में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी गईं।

FBI ने की मामले की जांच

लगातार मिल रही धमकियों और कथित रिश्वत की मांग से परेशान परिवार ने मामले की शिकायत अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान कथित तौर पर ऐसे साक्ष्य सामने आए, जिनमें थाना प्रभारी परिवार से बातचीत कर पैसे मांगता और दबाव बनाता दिखाई दिया। जांच पूरी होने के बाद अमेरिका में एफबीआई के अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर मामले की पुष्टि भी की थी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी थाना प्रभारी के कुछ गैंगस्टरों से भी संपर्क होने के आरोप हैं। इसके बाद एफबीआई ने थाना प्रभारी और कुछ गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आने के बाद पंजाब पुलिस भी हरकत में आई और गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया।

जालंधर पुलिस कर रही मामले की जांच

इसके बाद मामले की जांच जालंधर पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया। अब उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित रिश्वत मांगने और धमकी देने के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा क्या इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं।

इस कार्रवाई को पंजाब पुलिस के लिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार किसी थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोपों की जांच विदेशी एजेंसी तक पहुंची और उसके बाद स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *